तरनतारन : थाना गोइंदवाल साहिब की पुलिस ने दहेज संबंधी माननीय अदालत में चल रहे केस के दौरान पति-पत्नी और रिश्तेदारों के बीच हुए झगड़े में पत्नी के बयानों पर पति सहित 5 के खिलाफ मामाला दर्ज कर आगे दी जांच शुरु कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरविंदर कौर पत्नी गुरवेल सिंह निवासी गांव फेलोके ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2004 में गुरवेल सिंह (जो सी.आर.पी.एफ. में नौकरी करता है) पुत्र दर्शन सिंह निवासी गांव फेलोके के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ससुराल परिवार द्वारा हरविंदर कौर को और दहेज लाने को लेकर परेशान करने शुरु कर दिया गया। इसके बाद माननीय अदालत में दहेज संबंधी ससुराल परिवार के साथ केस चल रहा था। हरविंदर कौर ने बताया कि उसका पति गुरवेल सिंह गत 2 सितंबर को छुट्टी पर आया था और 6 सितंबर को उनका गांव में झगड़ा हो गया। इस दौरान पति गुरवेल सिंह उसे पीटने लगा, इसमें साथ देने के लिए उसकी देवरानी बलजीत कौर और सास, ससुर द्वारा मदद की गई। इस दौरान ससुराल परिवार द्वारा उसे मारने की धमकियां दी गई और तेजधार हथियार से किए हमले के दौरान वह घायल हो गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी जस्सा सिंह ने बताया कि हरविंदर कौर के बयानों के आधार पर पति गुरवेल सिंह, सास विंदो, ससुर दर्शन सिंह, बलजीत कौर और जोगिंदर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरु कर दी है।







