यूनिसेफ की गुडविल एंबेसडर और फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा 2 दिन के लिए लखनऊ में हैं। बता दें इस दौरान प्रियंका सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सेदारी करेंगी। आज सोमवार की सुबह प्रियंका निगोहां के लालपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं और बच्चों के पोषण आहार के बारे में जानकारी ली।
प्रियंका को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़
इस दौरान उन्होंने गांव की आरती से बात की और पूछा कि बच्चे को पोषण आहार के रूप में क्या खिलाती हैं? आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों का वजन व लंबाई भी नापी गई। इसके लिए 11 बच्चे आए थे। केंद्र के बाहर प्रियंका की एक झलक पाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। इसके पहले प्रियंका चोपड़ा बिजनौर रोड स्थित औरंगाबाद के प्राथमिक विद्यालय गईं और स्कूली गतिविधियों में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों से बात की और खानपान की जानकारी ली।
आपको बता दें प्रियंका को 2016 में ‘ग्लोबल यूनिसेफ गुडविल एंबेसडर’ के रूप में नियुक्त किया गया। इतना ही नहीं वह बच्चों के अधिकारों तथा लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मीडिया पैनल चर्चाओं में भी भाग लेती रहती हैं। प्रियंका भारत में जिन प्रमुख यूनिसेफ अभियानों से जुड़ी हुई हैं, उनका लक्ष्य किशोरियों और युवतियों को जीवन कौशल, उद्यम और नेटवर्किंग के कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें मजबूत बनाना है। उन्होंने यूनिसेफ के अभियानों का प्रचार करने में भी मदद की है।





