नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) गुरुवार को नई दिल्ली के प्रगति मैदान में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2023 (National Technology Day) के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे. इस दौरान पीएम विज्ञान और प्रौद्योगिकी से संबंधित 5800 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और कुछ को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी.
यह कार्यक्रम राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के 25वें वर्ष के उत्सव की शुरुआत को भी चिह्नित करेगा, जो 11 से 14 मई तक आयोजित किया जा रहा है. पीएमओ ने कहा, ‘‘इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री देश में वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति से संबंधित कई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इन परियोजनाओं की लागत 5800 करोड़ रुपये से अधिक है.”पीएमओ के मुताबिक देश में वैज्ञानिक संस्थानों को मजबूत करना प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है. इस कार्यक्रम के दौरान जिन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी, उनमें लेजर इंटरफेरोमीटर ग्रेविटेशनल वेव ऑब्जर्वेटरी- इंडिया (लिगो-इंडिया), होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, ओडिशा स्थित जटनी और मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल का प्लेटिनम जुबली ब्लॉक शामिल हैं.
कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री हाल के दिनों में भारत में की गई वैज्ञानिक और तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करने वाले एक्सपो का भी उद्घाटन करेंगे. वह इस अवसर पर स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे.






